अयोध्या नगर निगम के फैसले पर अभिनेता प्रकाश राज का तंज- 'उनका क्या, जो आज भी बेघर हैं'?


लखनऊ. अयोध्या में गायों को ठंड से बचाने के लिए काऊ कोट पहनाए जाने पर अभिनेता प्रकाश राज ने तंज कसा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि उनका क्या, जो लोग आज भी बेघर हैं। अयोध्या में गायों को लेकर नगर निगम ने यह अभियान शुरू किया है। निगम का दावा है कि साधु संतों और अन्य लोगों से विचार विमर्श के बाद ही यह फैसला लिया गया है।


प्रकाश राज ने इसे लेकर ट्वीट भी किया है। सोशल मीडिया पर अपनी बात को मजबूती से रखने वाले प्रकाश राज ने इस फैसले को लेकर सवालिया निशाना लगाया है और पूछा है कि बेघर इंसानों, स्कूलों और नौकरियों का क्या?प्रकाश राज समसामयिक मामलों पर बेबाक से राय रखने के लिए पहचाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर वे काफी एक्टिव भी हैं। उनका यह ट्वीट भी तेजी से वायरल हो रहा है।


यह है मामला


अयोध्या नगर निगम ने गायों को ठंड और शीतलहर से बचाने के लिए उन्हें काऊ कोट पहनाने की शुरूआत की है। सोमवार को मेयर ऋषिकेश उपाध्याय ने नगर निगम की गोशाला में गायों और उनके बछड़ों को काऊ कोट पहनाया। नगर आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ला ने बताया कि यह व्यवस्था तीन चरणों में लागू होगी। क्योंकि यहां गायों की संख्या 1,200 है। इसलिए पहले यहां उनके 100 बछड़ों के लिए कोट तैयार किए गए हैं।