सांसद मेनका संजय गांधी ने अपने सुल्तानपुर दौरे के पहले दिन लगाया चौपाल किया जन समस्याओं निस्तारण

रिपोर्ट_परविंदर सिंह जिला संवादाता

इंडेविन टाइम्स न्यूज नेटवर्क 

  • सांसद के रूप में अपना हिसाब- किताब देने आपके बीच आती हूं: सांसद मेनका
  • जनता के कार्यों में लेतलतीफी व भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं : सांसद मेनका संजय गांधी
  • सांसद की तरफ से प्रत्येक बुधवार को लंभुआ बाजार में लगेगा जनता दरबार

सुल्तानपुर।4 सितंबर 2022 पूर्व केंद्रीय मंत्री व सुल्तानपुर की सांसद मेनका संजय गांधी ने अपने सुल्तानपुर दौरे के पहले दिन लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के जयपालपुर,दुल्हापुर, बेलाही करनपुर, दुबौली, मकसूदन, परसरामपुर, शंभूगंज, ज्ञानीपुर व असरवन समेत एक दर्जन गांवो में जन चौपाल के माध्यम से जन समस्याओं का निस्तारण किया। श्रीमती गांधी ने जन चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि मैं सांसद के रूप में अपना हिसाब- किताब देने आपके बीच आती हूं। श्रीमती गांधी ने अपनी किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया की उनकी दिलचस्पी लोगों के व्यक्तिगत दिक्कतों में ज्यादा रहती है। उन्होंने कहा मैं सांसद नहीं एक मां के रूप में आप की सेवा करने आती हूं।

उन्होंने बताया लंभुआ के लोगों की समस्याओं को देखते हुए प्रत्येक बुधवार को लंभुआ से दियरा रोड पर स्थित पूर्व मंत्री विनोद सिंह के कार्यालय पर जनता दरबार लगाया जाएगा। जिसमें प्रतिनिधि रणजीत कुमार व भाजपा के जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी बैठकर स्थानीय लोगों की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। श्रीमती गांधी ने बताया कोइरीपुर स्टेशन पर शटल एक्सप्रेस रुकवाने और सुल्तानपुर से बनारस तक मेमो ट्रेन चलाने के लिए रेलवे विभाग को लिखा गया है। श्रीमती गांधी ने बताया अब तक उन्होंने 1 हजार से अधिक गांवों का दौरा किया हैं। श्रीमती गांधी ने बताया कि अब तक उन्होंने 50 से 60 हजार लोगों की समस्याओं का निस्तारण जनता दरबार व जनचौपाल के माध्यम से किया है। 

लंभुआ विधानसभा के ग्राम जयपालपुर में आयोजित जन चौपाल को पूर्व मंत्री व शहर विधायक विनोद सिंह ने भी संबोधित किया।उन्होंने कहा श्रीमती गांधी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील होकर काम करती हैं।इससे पूर्व श्रीमती गांधी ने अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण किया। श्रीमती गांधी ने सुल्तानपुर एलपीजी एसोसिएशन द्वारा दिए गए ज्ञापन जोकि आईओसीएल, एचपीसीएल एवं बीपीसीएल कंपनी द्वारा वितरकों को शोषण किए जाने के संबंध में था उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। श्रीमती गांधी ने ग्राम मुस्तफाबाद सरैया तहसील कादीपुर से आए हुए अजय कुमार अनिल कुमार विजय कुमार आदि के प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी व सी.आर.ओ. शमशाद हुसैन से फोन पर वार्ता की। 

उन्होंने कहा मुस्तफाबाद सरैया के लोग जो 40 वर्षों से काबिज हैं उनके साथ न्याय होना चाहिए।इसी क्रम में फरियादी गिरधर गोपाल के मामले में शहर कोतवाल से,राकेश कुमार सिंह के मामले को लेकर थानाध्यक्ष मोतिगरपुर एवं जेबा बानों के मामले में थानाध्यक्ष शुकुलबाजार सहित सैकड़ों फरियादियों की शिकायतों का संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर तत्काल कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।श्रीमती गांधी ने रविवार को सीआरओ सहित कई अधिकारियों से नाराजगी प्रकट करते हुए दो टूक कहा कि मुझे जनता के कार्यों में लेतलतीफी व भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं है। उन्होंने कहा जो कार्य एक-दो दिन में निपट सकता है उसके लिए अधिकारियों द्वारा 4 महीने 6 महीने क्यों लगाए जाते है।श्रीमती गांधी ने लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के दुबौली गांव में नवनिर्मित कमल सरोवर में नौका विहार भी किया।इस अवसर पर सांसद श्रीमती गांधी ने दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, बैसाखी व मूक बधिरो को अत्याधुनिक यंत्र भी वितरित किए। 

सांसद श्रीमती गांधी ने यहां पर महुआ के पौधे का रोपण भी किया। सांसद मेनका संजय गांधी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सुल्तानपुर- वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की बाधा को दूर कर लिया गया है।उन्होंने बताया कि निर्माण करने वाली कंपनी गायत्री कंस्ट्रक्शन को उनकी शिकायत पर ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है, इसके साथ निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी की गई है कि वह 31 दिसंबर 2022 के पूर्व राजमार्ग का निर्माण पूर्ण कर दे।श्रीमती गांधी ने बताया कि अमहट तिराहे पर उनके द्वारा प्रस्तावित लगभग 150 करोड़ की लागत के फ्लाई ओवर को केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंजूरी दे दी है।इसका निर्माण भी शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।इसके साथ- साथ पयागीपुर व हनुमानगंज फ्लाईओवर निर्माण कार्य मे तेजी आई है। लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के दुबौली गांव में निर्मित कमल सरोवर को ग्रामीण क्षेत्र की समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने पर उन्होंने विकास विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

 आज सांसद श्रीमती गांधी के साथ प्रतिनिधि रणजीत कुमार विजय त्रिपाठी मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी, ब्लाक प्रमुख भदैयां राजेंद्र वर्मा, डॉ हीरालाल मिश्रा,पारसनाथ सिंह, डॉ सुजीत सिंह ,भदैयां प्रधान संघ के अध्यक्ष बजरंगबली अशोक साहू जगदीश चौरसिया, प्रवीण सिंह, रतिपाल तिवारी, देवी सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, प्रसून मालवीय, ओमप्रकाश सिंह, अरविंद कुमार सिंह, प्रधान अरविंद सरोज, शीतला प्रसाद सरोज आदि मौजूद रहे।