मुंबई.
पिछले सात सत्रों की गिरावट के बाद शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स ने 479.68 अंक की तेजी के साथ 38,623.70 पर कारोबार खत्म किया। इंट्रा-डे में एक बार 38,754.24 तक पहुंच गया था। निफ्टी की क्लोजिंग 170.55 प्वाइंट ऊपर 11,303.30 पर हुई। कारोबार के दौरान 11,342.25 तक पहुंचा था। बाजारों पर कोरोनावायरस के असर से निपटने के लिए दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की ओर से नीतिगत फैसले लेने का भरोसा मिलने के बाद प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी आई। आरबीआई ने भी कहा है कि वह जरूरी कदम उठाने के लिए तैयार है।
फार्मा इंडेक्स में 5% बढ़त
सेंसेक्स के 30 में से 28 और निफ्टी के 50 में से 48 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। एनएसई पर सभी 11 सेक्टर इंडेक्स फायदे में रहे। मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 5.60% तेजी आई। फार्मा इंडेक्स 5.12% बढ़त के साथ बंद हुआ।
निफ्टी के टॉप-5 गेनर
शेयर | बढ़त |
वेदांता | 8.34% |
सन फार्मा | 7.17% |
हिंडाल्को | 6.91% |
जी एंटरटेनमेंट | 6.91% |
टाटा स्टील | 6.66% |
निफ्टी के लूजर
शेयर | गिरावट |
आईटीसी | 0.64% |
यस बैंक | 0.48% |
रुपया 73 के नीचे फिसला, एक साल के निचले स्तर पर आया
डॉलर के मुकाबले रुपया 47 पैसे कमजोर होकर 73.23 पर बंद हुआ। यह एक साल का निचला स्तर है। कोरोनावायरस का असर बढ़ने की चिंता से रुपए में गिरावट आ रही है। तीन सत्रों में रुपया 160 पैसे कमजोर हो चुका है।