फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर सचिन बंसल पर उनकी पत्नी प्रिया ने दहेज प्रताड़ना का आरोप


बेंगलुरु. 


ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर सचिन बंसल पर उनकी पत्नी प्रिया (35) ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। प्रिया ने 28 फरवरी को बेंगलुरु पुलिस को 7 पेज की शिकायत दी थी। जिसमें उसने खुद को और बेटे को सचिन बंसल से खतरा बताया है। प्रिया ने दावा किया है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल में उसके साथ मारपीट की गई। इसके आधार पर सचिन, उनके माता-पिता और भाई के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।


एसीपी (मदिवाला) बासवन गौड़ा ने कहा कि प्रिया की शिकायत के आधार पर 4 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इनमें सचिन के अलावा उनके पिता सत प्रकाश अग्रवाल, मां किरण बंसल और भाई नितिन बंसल के नाम शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।


सचिन ने मेरी सभी प्रॉपर्टी ट्रांसफर करने की कोशिश की: प्रिया


शिकायत में प्रिया ने बताया- ''सचिन के साथ 2008 में मेरी शादी हुई थी। शादी से पहले सास-ससुर हमारे घर आए और उन्होंने ज्यादा दहेज की मांग की थी। सास ने कहा था कि मैं शादी में कम से कम 15 तोला सोने का हार पहनूं। मजबूरी में मेरे माता-पिता ने इसे खरीदा था। चंडीगढ़ में हुए समारोह पर पिता ने 50 लाख रुपए खर्च किए थे। इसके बाद 11 लाख अलग से सचिन को दिए। शादी के बाद से ही पति और ससुराल के अन्य लोगों ने मुझे शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया। इतना ही नहीं सचिन ने दिल्ली में मेरी बहन का यौन शोषण भी किया। पति मेरे नाम पर की गईं सभी प्रॉपर्टी अपने नाम करने की कोशिश कर रहा था। जब मैंने विरोध किया तो पिछले साल 20 अक्टूबर को मारपीट की। मुझे और बेटे आर्यमान को सचिन और उसके माता-पिता से खतरा है।''