यूपी / अखिलेश ने जेल में आजम, उनकी पत्नी व बेटे से की मुलाकात, कहा- आजम खान को अदालत से मिलेगा इंसाफ


सीतापुर. 


समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार की दोपहर सीतापुर जेल पहुंचे। उन्होंने यहां जेल में बंद रामपुर से सांसद आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा व बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की। अखिलेश करीब 45 मिनट तक जेल तीनों नेताओं से बात की। उसके बाद बाहर आए तो योगी सरकार पर हमलावर होते हुए अखिलेश ने कहा- आजम खान को अदालत से इंसाफ मिलेगा। राजनीतिक षडयंत्र के तहत आजम खान को जेल में रहना पड़ रहा है। राजनीति में बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। 


जब से यूपी में भाजपा आई, तब से आजम निशाने पर


अखिलेश यादव ने कहा- जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है। तब से आजम खान सरकार के निशाने पर हैं। आजम के खिलाफ षडयंत्र हो रहा है। ये राजनीतिक षडयंत्र है। जिसके चलते उन्हें जेल में रहना पड़ रहा है। भाजपा के लोगों ने मिलकर साजिश व षडयंत्र किया है। लेकिन राजनीति में किसी से बदले की भावना से काम नहीं होना चाहिए। लेकिन भाजपा से उम्मीद भी क्या कर सकते हैं? लगातार उन पर तमाम मुकदमे लगे हैं। 


सीएम को भाषा की मर्यादा नहीं पता


अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी निशाने पर लिया। कहा- सीएम को भाषा की मर्यादा नहीं पता है। राजनीतिक मर्यादा में रहकर क्या बोलना चाहिए, ये सीएम को नहीं मालूम है। सदन में कहना कि, हम बदला लेंगे। यह किसी चुने हुए जनप्रतिनिधि की भाषा नहीं हो सकती है। 


लोगों को डराकर राजनीति करना चाहती भाजपा


सीएए के विरोध व समर्थन को लेकर दिल्ली में हुई हिंसा पर अखिलेश यादव ने कहा- जब अमेरिका के राष्ट्रपति आए हों, अमेरिका दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश है। राष्ट्रपति डील क्या करने आए थे, ये सरकार को बेहतर पता होगा। सरकार व पुलिस चाहती तो ये दंगे कभी नहीं हो सकते थे। एक लाख के करीब जवान दिल्ली में होंगे। लेकिन दिल्लीवासियों को सुरक्षा नहीं दे पाए। सरकार तो यही कहती थी कि, हमारी सरकार में दंगा नहीं होगा। लेकिन भाजपा लोगों को डराकर राजनीति करना चाहती है।