नृत्य गोपाल दास राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष, विहिप के चंपत राय महासचिव होंगे


राम जन्मभूमि ट्रस्ट के प्रमुख के पाराशरण के घर पर बुधवार को ट्रस्ट की पहली बैठक हुई। राम जन्मभूमि न्यास महंत नृत्य गोपाल दास ट्रस्ट के अध्यक्ष और विश्व हिंदू परिषद के चंपत राय महासचिव होंगे। गुरू पांडुरंग अठावले के शिष्य स्वामी गोविंद देव गिरि कोषाध्यक्ष बनाए गए। मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन पूर्व कैबिनेट सचिव नृपेंद्र मिश्र होंगे।


उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी पदेन सदस्य बनाए गए हैं। वे लोकगायिका मालिनी अवस्थी के पति हैं। अयोध्या के डीएम अनुज कुमार झा को श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पदेन सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।


लोगों की भावनाओं का आदर किया जाएगा- नृत्य गोपाल दास
15 दिन बाद अयोध्या में ट्रस्ट की बैठक होनी है। मंदिर निर्माण समिति इस बैठक में अपनी रिपोर्ट रखेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर निर्माण की तारीख तय की जाएगी। नृत्य गोपाल दास ने कहा कि लोगों की भावनाओं का आदर किया जाएगा। जल्द से जल्द मंदिर का निर्माण होगा।


किसी सदस्य के हटने की स्थिति में क्या होगा?
अगर सरकारी पदेन सदस्य (जैसे कलेक्टर) का तबादला होता है, तो उसकी जगह तैनात किया जाने वाले अफसर को सदस्य बना दिया जाएगा। स्थाई सदस्य के हटने की स्थिति में ट्रस्ट के बाकी सदस्य मिलकर उसकी जगह किसी और को नियुक्त कर सकते हैं।