मेरठ : बदमाशों की शामत; मुठभेड़ में एक लाख के इनामी समेत दो बदमाश घायल


मेरठ. 


उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शुक्रवार को दो थाना इलाके में बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक लाख का इनामी रवि मलिक उर्फ भूरा व एक अन्य बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दो अन्य बदमाश भी पकड़े गए हैं। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक कार व पिस्टल बरामद किया है। लेकिन, इस दौरान एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। 


एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि, पहली मुठभेड़ शुक्रवार सुबह पल्लवपुरम थाना इलाके के पुष्प विहार कॉलोनी में हुई। सीओ दौराला जितेंद्र सरगम की अगुवाई में पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया। वह पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था। पकड़े गए बदमाश की पहचान रवि मलिक के रुप में हुई है। उस पर एक लाख का इनाम घोषित है। बदमाश शक्ति नायडू गैंग का बताया जा रहा है। दो दिन पहले शक्ति नायडू पुलिस के साथ हुए मुठभेड़ में मारा गया है। 


उन्होंने बताया कि, दूसरी मुठभेड़ जानी थाना क्षेत्र में ढोलड़ी मार्ग पर हुई। पुलिस ने सिसौला कला निवासी आबिद, भोलाखास निवासी प्रदीप और पुटखास निवासी नसीम को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में नसीम पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये तीनों बदमाश एक सप्ताह पूर्व भोला खास में उमेश पंडित शर्मा के घर पर डकैती डालने में शामिल थे। पुलिस ने उनके पास से डकैती का कुछ सामान बरामद किया है।