'लुटेरी दुलहन' सहेली के साथ गिरफ्तार ,12 दूल्हों को लूटने का आरोप


बुलंदशहर


12 से ज्यादा लड़कों से शादी की। किसी भी ससुराल में 9-10 दिनों से ज्यादा पैर नहीं जमे। मेहंदी का रंग भी नहीं उतरता, उससे पहले मांग दूसरे के नाम की भर लेती। शादी को लूट का हथियार बना लिया था। दिल्ली, गुड़गांव, गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत आसपास के कई जिलों में लुटेरी दुलहन की तलाश थी। बुलंदशहर थाना पुलिस ने दनकौर रेलवे स्टेशन से इसी आरोप में एक युवती और उसकी सहेली को गिरफ्तार किया है। दोनों के साथ एक व्यक्ति भी था, जो पुलिस को देखकर फरार हो गया।


सिकंदराबाद कोतवाली के गांव मसौता निवासी मनोज की शादी 31 जनवरी को पायल के साथ राम और जानकी ने कराई थी। 9 फरवरी की रात राम और जानकी के साथ 6 लाख रुपये की जूलरी लेकर पायल भाग गई। मनोज ने सिकंदराबाद कोतवाली में केस दर्ज कराया था। पुलिस को सूचना मिली की पायल, राम और जानकारी दनकौर रेलवे स्टेशन पर हैं। पुलिस को देखकर राम फरार हो गया, लेकिन पायल और जानकी को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से बड़ी मात्रा में जूलरी बरामद हुई है।


पुलिस के अनुसार, पायल का असली पति योगेश है। वह दिल्ली के उत्तम नगर की रहने वाली है। जानकी राकेश की पत्नी है और विकासपुरी (नई दिल्ली) की रहने वाली है। ये सभी बहन, भाई या दोस्त बनकर रिश्ता लेकर जाते थे। रिश्ते में कभी पायल तो कभी जानकी की फोटो लड़के वालों को दिखाते थे। कुछ समय पहले फरीदाबाद के बदरौला थाना क्षेत्र के तिल गांव निवासी मनोज से भी शादी कर 8 दिन बाद जूलरी लेकर फरार हो गए थे। पटना, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, गुड़गांव, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा आदि जगहों पर भी शादी कर फरार हुए हैं।