गाजियाबाद :घर में मिले एक दंपती और दो बच्चों के शव, दीवार पर सुसाइड नोट में लिखा- पत्नी शराब पीती है


गाजियाबाद. 


दिल्ली से सटे गाजियाबाद के एक मकान में दंपती और उनके दो बच्चाें के शव मिले हैं। शुक्रवार सुबह अर्थला की संजय कॉलोनी के मकान में पति का शव फांसी पर लटका मिला। दूसरे कमरे में दोनों बच्चों औ पत्नी का शव बिस्तर पर पड़ा था। आशंका है कि पति ने बच्चों और पत्नी को मारने के बाद खुदकुशी की है। दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा मिला। इसमें घरेलू कलह और पत्नी के शराब पीने का जिक्र है।


साहिबाबाद थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में धीरज त्यागी (27), पत्नी काजल (25) और दो बच्चों एकता (4) व ध्रुव (2) के साथ रहते थे। धीरज मूल रूप से बिजनौर के नयागांव के रहने वाले थे और यहां फेब्रिकेशन का बिजनेस करते थे। उनके साथ बिजनौर का ही भीम नाम का शख्स भी काम करता था। शुक्रवार को भीम और धीरज को किसी काम से जाना था। भीम उन्हें लेने घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला गया। भीम ने खिड़की से देखा तो धीरज का शव पंखे से लटक रहा था।


पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो धीरज ही नहीं, दोनों बच्चे और पत्नी की भी लाश पड़ी थी। कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट लिखा था। हैंड राइटिंग धीरज की बताई जा रही है। पड़ोस में रहने वाले डालचंद ने बताया कि धीरज का 2 वर्षीय बेटा बचपन से ही दिल का मरीज था। इस वजह से धीरज मानसिक रूप से परेशान रहा करता था।


नोट पर लिखे थे कई मोबाइल नंबर


दीवार पर पेन से सुसाइड नोट लिखा गया था। लिखा था- धीरज काजल से बहुत प्यार करता था। लेकिन काजल लड़कों से फोन पर बात करती थी। इस बात के लिए उसे काफी समझाया था। काजल शराब भी पीती थी। इस पूरी कहानी की वजह काजल के भाई हैं। अंकित, टीकेंद्र, बबली। धीरज ने उन नंबरों को भी दीवार पर लिखा था, जिनसे काजल पर बात करने का आरोप है। 


मौतों की पुष्टि के लिए रिपोर्ट का इंतजार


एसपी सिंह मनीष मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने हैंडराइटिंग के अलावा अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। महिला व उसके बच्चों की मौत किस तरह की गई है, इसकी पुष्टि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में हो पाएगी। शुरूआती जांच में माना जा रहा है कि बच्चों और पत्नी को जहर देकर मारने के बाद पति ने आत्महत्या की है।