54 साल बाद मिला शनिवार को बरेली को 'खोया हुआ' झुमका ,वजन 200 किग्रा


बरेली. 


54 साल बाद शनिवार को बरेली को 'खोया हुआ' झुमका आखिरकार मिल गया। इसे बरेली विकास प्राधिकरण ने शहर में एनएच 24 पर जीरो प्वाइंट पर लगाया गया है। साथ ही इसे झुमका तिराहा नाम दिया गया है। दरअसल, 1966 में उत्तरप्रदेश का शहर बरेली उस वक्त ज्यादा चर्चा में आया था जब फिल्म मेरा साया का गाना 'झुमका गिरा रे, बरेली के बाजार में...' लोकप्रिय हुआ था। यह गाना दिवंगत अभिनेत्री साधना पर फिल्माया गया था। 


शहर में झुमका लगाने की पहली पहल 90 के दशक में हुई थी। तब बीडीए ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से दिल्ली-बरेली मार्ग 24 पर ‘झुमका’ तिराहा की मांग की थी। लेकिन अब साकार हुआ। अब इस तिराहे पर 2 क्विंटल (200 किग्रा) का झुमका 14 फीट ऊंचे खंभे पर लगाया गया है। इसे बनाने में पीतल और तांबे का इस्तेमाल किया गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि लागत करीब 18 लाख रुपए आई है। गुड़गांव के एक कलाकार ने इसे तैयार किया है।


मेहमानों को झुमका दिया गया


लखनऊ-दिल्ली हाइवे पर बरेली शहर के प्रवेश मार्ग पर स्थित परसाखेड़ा चौराहे पर शनिवार को झुमका स्थापित किया गया। इसका उद्घाटन शनिवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने किया। यहां आए सभी अतिथियों को प्रतीक स्वरूप एक झुमका उपहार में दिया गया। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अफसर ने बताया कि झुमका करीब दो सौ मीटर दूर से लोगों को नजर आएगा। इसके आसपास 3 ‘सूरमे दानी’ को भी सजाया गया है।