सेंसेक्स 634.61 अंक की बढ़त के साथ 41,452.35 पर बंद


मुंबई. 


शेयर बाजार में गुरुवार को खरीदारी बढ़ गई। सेंसेक्स 634.61 अंक की बढ़त के साथ 41,452.35 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान 41,482.12 तक पहुंचा था। निफ्टी की क्लोजिंग 190.55 प्वाइंट ऊपर 12,215.90 पर हुई। इंट्रा-डे में 12,224.05 तक चढ़ा था। यह 9 अक्टूबर के बाद एक दिन की सबसे बड़ी तेजी है। कारोबारियों के मुताबिक दूसरे एशियाई बाजारों से मिले


सकारात्मक संकेतों से भारतीय बाजार में तेजी आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को ईरान के साथ शांतिपूर्ण समाधान का प्रस्ताव रखा। इससे अमेरिकी और प्रमुख एशियाई बाजारों पर सकारात्मक असर हुआ।


सेंसेक्स के 30 में से 26 और निफ्टी के 50 में से 43 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। एनएसई पर 11 में से 10 सेक्टर इंडेक्स फायदे में रहे। ऑटो इंडेक्स सबसे ज्यादा 2.7% चढ़ा। सिर्फ आईटी इंडेक्स 0.18% नुकसान में रहा।


रुपया 22 पैसे मजबूत


अमेरिका-ईरान के बीच तनाव घटने की उम्मीद से डॉलर के मुकाबले रुपए में भी तेजी आई। कारोबार के दौरान रुपया 22 पैसे मजबूत होकर 71.48 पर आ गया। बुधवार को 71.70 पर बंद हुआ था।