साध्वी निरंजन ज्योति की विवादित टिप्पणी ,कहा- प्रियंका नकली गांधी हैं, अपने नाम को बदलकर फिरोज प्रियंका कर ले


लखनऊ


भगवा कपड़े को लेकर सीएम योगी पर निशाना साधने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब बीजेपी नेताओं के निशाने पर आ गई हैं। प्रियंका गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने एक विवादित टिप्पणी की है। निरंजन ज्योति ने कहा है कि प्रियंका नकली गांधी हैं और उन्हें अपने नाम के साथ अपने दादा फिरोज गांधी का नाम जोड़कर लिखना चाहिए।


साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रियंका गांधी भगवा रंग का अर्थ नहीं समझ सकतीं क्योंकि वह नकली गांधी हैं। उन्हें अपने नाम के आगे से गांधी हटा लेना चाहिए और अपना नाम फिरोज प्रियंका कर लेना चाहिए। निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रियंका गांधी की समस्या यह है कि योगी सरकार लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त ऐक्शन ले रही है। अगर प्रियंका दंगाइयों के पीछे हैं तो उन्हें सबके सामने आकर यह स्पष्ट कर देना चाहिए।

'उन्हें भगवा के बारे में और पढ़ना चाहिए'


भगवा रंग को लेकर प्रियंका गांधी द्वारा दिए बयान पर निरंजन ज्योति ने कहा कि उन्हें अभी भगवा शब्द के बारे में और पढ़ना चाहिए। भगवा रंग ज्ञान और आत्मीयता का प्रतीक है। निरंजन ज्योति ने प्रियंका से सवाल करते हुए यह भी कहा कि प्रियंका गांधी को यह बताना चाहिए कि जिन लोगों ने मासूमों को मारा और पुलिस पर पत्थर फेंके, उन्हें सजा दी जाए या नहीं।