मिर्जापुर.
पीपीस अधिकारी डॉक्टर अर्चना सिंह पर प्रियंका गांधी द्वारा गला दबाने व गिराने के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निशाना साधा है। मौर्य ने कहा- कांग्रेसी झूठ बोलने की ऑटोमैटिक मशीन हैं। कल प्रियंका वाड्रा ने आरोप लगाया था, आज उसका खुद खंडन किया है। उन्होंने ऐलान किया कि, प्रदेश सरकार सबके विकास के लिए ठेके में आरक्षण देने जा रही है। नकल विहीन यूपी बोर्ड की परीक्षा में टॉप 20 आने वाले छात्रों के घर तक सड़क बनाने का निर्णय लिया गया है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को छानबे विकास खंड के कर्णावती नदी पर अकोढ़ी बबुरा जोपा मार्गो को जोड़ने वाले ध्वस्त पुल के नव निर्माण का शिलान्यास किया। मौर्य ने इस मौके पर कहा- प्रियंका वाड्रा ने कल लखनऊ में पुलिस और प्रदेश सरकार को बदनाम करने की साजिश के तहत आरोप लगाया था। आज उसका खुद खंडन किया है। कांग्रेस झूठ बोलने की ऑटोमेटिक मशीन है। चाहे राहुल गांधी हों या प्रियंका वाड्रा या कोई और नेता झूठ बोलना इनकी प्राथमिकता है। झूठ बोलकर यह प्रदेश और देश को लगातार विवादों में उलझाने की कोशिश करते रहे हैं। इससे देश को नुकसान हो रहा है। सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों के काले कारनामों का खुलासा करने के लिए भाजपा अभियान चलाने जा रही है। उन्होंने एक बार फिर प्रियंका को टि्वटर वाड्रा कहा। वह टि्वटर पर कमेंट करती हैं और केवल वहां जाती हैं जहां विवाद होता है।
मौर्य ने कहा- 40 लाख तक के सड़क निर्माण के लिए ठेकेदारी में प्रदेश सरकार आरक्षण देने जा रही है। 40 लाख तक की योजना में सड़कों के निर्माण में 21% अनुसूचित जाति, दो प्रतिशत अनुसूचित जनजाति, 27% पिछड़ी एवं 10 प्रतिशत सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को आरक्षण के तहत ठेका दिया जाएगा। जिससे गरीबों को रोजगार मिले और लोगों का भला हो सके। सब आगे बढ़े सब को रोजगार मिले।
सपा पर निशाना साधते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा- सपा कार्यकाल में नकल होती थी, हमने प्रोत्साहन योजना लागू करके छात्रों का उत्साहवर्धन करने का निर्णय किया है। बोर्ड परीक्षा में टॉपर 20 छात्रों के घर तक सड़क बनाने का काम होगा। यह सड़क एपीजे अब्दुल कलाम गौरव पथ के नाम से जाना जाता है। लगने वाले शिलापट् पर बच्चे का नाम लिखा जाता है। इस मौके पर दो अरब की 18 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस मौके पर सांसद अनुप्रिया, विधायक रत्नाकर मिश्र, ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिस्मिता मौर्य बालेन्दु मणि त्रिपाठी, बृजभूषण सिंह, चन्द्रांशु गोयल सचेत तमाम लोगों ने स्वागत किया।