-20, -14, -4, 1.7 डिग्री , जबर्दस्त शीतलहर से कांप रहा पूरा उत्तर भारत


नई दिल्ली


उत्तर भारत में रिकॉर्डतोड़ ठंड ने जनजीवन को थाम दिया है। लद्दाख की द्रास घाटी से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत ही शीत लहर की चपेट में है। पारा यहां नए रिकॉर्ड बना रहा है। दुनिया के दूसरे सबसे सर्द रिहायशी इलाके द्रास में पारा -20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में शनिवार को यह 1.7 तक चला गया। राजस्थान के शेखावटी में न्यूनतम तापमान -4 डिग्री दर्ज किया गया है। दिसंबर से अब तक 8 कोल्ड डे और 7 सीवियर कोल्ड डे रिकॉर्ड हो चुके हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार कोल्ड डे तब होता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री कम हो जाए। दूसरा सीवियर कोल्ड डे वह होता है। जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है।


लद्दाख का द्रास -20 डिग्री


केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के करगिल जिले के द्रास में तापमान -20 डिग्री तक पहुंच गया है। द्रास को दुनिया के दूसरे सबसे ठंडे रिहायशी इलाके में गिना जाता है। उच्च हिमालयी इलाकों में भारी बर्फबारी से तापमान में यह जबर्दस्त गिरावट आई है।


दिल्ली का लोधी रोड 1.7 डिग्री


देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को मौसम की सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। शनिवार सुबह को दिल्ली का औसत पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। लोधी रोड (1.7), आया नगर (1.9) में तापमान और कम था। शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रेकॉर्ड किया गया था। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाके कोहरे की चपेट मे हैं।

उत्तर प्रदेश का मथुरा 2 डिग्री, 28 मौतें


सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में ठंड से 28 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में चार दिनों से लगातार शीतलहर चल रही है। पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी से यहां के लोगों का जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को वेस्ट यूपी के बुलंदशहर, बागपत, बिजनौर, हापुड़ जिलों में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। वहीं मथुरा का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सूबे में मथुरा सबसे ठंडा जिला रहा। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सीतापुर, अमेठी, आंबेडकर नगर, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


टूट रहे रिकॉर्ड


दिल्ली की ठंड सबसे लंबी शीतलहर के रिकॉर्ड को तोड़ चुकी है। इस बार लगातार 14 दिनों से शीतलहर जारी है। 1997 के दिसंबर महीने में लगातार 13 दिन की शीतलहर चली थी जबकि पूरे महीने में कुल 17 दिन शीतलहर का प्रकोप रहा था। 1901 से 2018 तक सिर्फ चार मौकों पर दिसंबर का अधिकतम औसत तापमान 20 डिग्री से नीचे गया है। इस साल यह 26 दिसंबर तक 19.85 डिग्री है, जबकि 31 दिसंबर तक यह महज 19.15 डिग्री ही रह सकता है। शीत लहर का यह प्रकोप अभी 30 दिसंबर तक बना रहेगा।


सेहत पर असर


बढ़ती सर्दी बच्चों को भी रुलाने लगी है। यूपी के सरकारी अस्पतालों के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में सर्दी की चपेट में आने से रोजाना 500 बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं। यही नहीं, निमोनिया और कोल्ड डायरिया से जूझ रहे करीब 50 बच्चे रोज भर्ती भी किए जा रहे हैं। केजीएमयू में तो हालत यह है कि यहां एक बेड पर दो-दो बच्चों का इलाज चल रहा है।


भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक बहुत ज्यादा ठंड रहेगी। उसके दो दिनों बाद यानी 30 दिसंबर से कुछ इलाकों में ठंड घट सकती है। अगले तीन दिनों तक इन इलाकों में घना कोहरा रहने की भी संभावना है। मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, सिक्किम और ओडिशा भी अगले दो दिनों तक घने कोहरे की चपेट में रह सकते हैं जबकि 30 दिसंबर के बाद अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है।