राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के लिए संघ तय करेगा अध्यक्ष का नाम , सीएम योगी की मौजूदगी में हुआ फैसला







वाराणसी. 


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट की रूपरेखा को लेकर मंगलवार देर शाम यहां एक अहम बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, संघ और भाजपा की समन्वय बैठक में राम मंदिर निर्माण के लिए बनने वाले ट्रस्ट के स्वरूप और इसके अध्यक्ष को लेकर मंथन किया गया।




ट्रस्ट का अध्यक्ष आरएसएस से ही होगा




कोईराजपुर के स्कूल में बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी और सह सरकार्यवाह डाॅ. कृष्णगोपाल ने की। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा की ओर से प्रतिनिधित्व किया और राम मंदिर निर्माण में आरएसएस के अभियान पर चर्चा की। राम मंदिर के लिए गठित होने वाले न्यास के अध्यक्ष के चयन पर चर्चा की गई। सूत्रों की मानें तो न्यास अध्यक्ष का नाम आरएसएस से तय करने पर सहमति बनी। इसके अलावा कारसेवा की तर्ज पर गांव-गांव अभियान चलाए जाना तय किया गया। 


ट्रस्ट के अध्यक्ष को लेकर चल रहा मंथन 


अयोध्या में राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष पर कई नामों पर चर्चा की गई। संघ ने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी सुझाव मांगा। रामनवमी से राम मंदिर निर्माण की उम्मीद जताई गई और कारसेवा की तर्ज पर देशभर के हिन्दू समाज से सहयोग की रणनीति बनाई गई। इस दौरान आरएसएस के प्रांत प्रचारक रमेश, क्षेत्रीय प्रचारक अनिल, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री रत्नाकर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


राम मंदिर निर्माण पर गांव-गांव मनेगा जश्न


बैठक में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद पूरे देश में शांति का माहौल बनाए रखने के लिए गांव-गांव जश्न मनाने का निर्णय लिया गया। इसमें गांवों से राम मंदिर पर चर्चा कर फीडबैक और संघ की ओर से धन्यवाद भी दिया जाएगा।