फिरोजाबाद.
नई दिल्ली से बिहार जा रही पूर्वा एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में बुधवार रात हथियारों के बल पर बदमाशों ने यात्रियों के साथ जमकर लूटपाट की। बदमाशों ने यात्रियों से हजारों की नकदी और मोबाइल लूट लिए। इस दौरान जिन यात्रियों ने विरोध किया उनकी जमकर पिटाई की गई। इस दौरान कई यात्री घायल हो गए। घायलों को टूंडला सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार रात्रि करीब आठ बजे की है। नई दिल्ली से बिहार जा रही पूर्वा एक्सप्रेस के जनरल कोच में पहले से सवार चार बदमाशों ने ट्रेन के अलीगढ़ स्टेशन पहुंचने से पहले लूटपाट शुरू कर दी। तमंचा दिखाते हुए यात्रियों को चुप करा दिया गया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे अक्षय दुबे (22), विष्णु दुबे (25), पप्पू राय (22) ने विरोध किया तो उन्हें बेल्टों से पीट कर घायल कर दिया।
मारपीट होते देख सभी यात्री दहशत में आ गए। बदमाशों ने अक्षय से 3700 रुपए व मोबाइल, विष्णु दुबे से 3150 रुपए व मोबाइल, पप्पूराय से 2300 रुपए, मोबाइल व अन्य यात्रियों से भी नकदी व मोबाइल लूट लिए। ट्रेन के अलीगढ़ स्टेशन पहुंचने से पूर्व ही बदमाश ट्रेन से उतरकर भाग गए।
दहशत के चलते यात्री अलीगढ़ स्टेशन पर शिकायत दर्ज नहीं करा पाए। ट्रेन के रात्रि करीब सवा 9 बजे टूंडला स्टेशन पहुंचने पर यात्री मुकदमा दर्ज कराने टूंडला जीआरपी थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की बजाय, घटना स्थल अलीगढ़ बताते हुए उन्हें चलता कर दिया।
पीड़ित यात्रियों ने बताया कि चार बदमाश पहले से ही जनरल कोच में सवार थे। लूटपाट के दौरान जिसने भी विरोध किया उसे बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। जिसके चलते कोई भी विरोध का साहस नहीं जुटा सका। बदमाशों ने तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी।