कांग्रेसियों ने किया सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ प्रदर्शन ,कहा- जो गोडसे का यार है, वो देश का गद्दार है


लखनऊ.


भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के उस बयान को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बतााय था। कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया और उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। 


हालांकि, प्रज्ञा ठाकुर ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली लेकिन अब भी वह विपक्ष के निशाने पर हैं। कांग्रेस ने हजरतगंज में गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा व आरएसएस की विचारधारा गोडसेवादी है इसलिए उनके नेता इस तरह की बयानबाजी करते हैं। प्रज्ञा ठाकुर को बर्खास्त किया जाना चाहिए।


प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी व पूर्व मंत्री आरके चौधरी सहित कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
   
वहीं, भाजपा ने प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें रक्षा मामलों की संसदीय सलाहकार समिति से बाहर कर दिया है और उन्हें सत्र की संसदीय बैठकों में भी हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया है।