भूमि विवाद को लेकर फौजी ने युवक को गोली मारकर की हत्या


बस्ती. 


जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के उमरिया में गुरुवार देर शाम भूमि विवाद को लेकर पट्टीदारों के बीच हुए विवाद के बीच एक फौजी ने युवक पर लाइसेंसी बंदूक से फायर झोंक दिया। आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिन्दा कारतूस व एक खोखा बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार दुबौलिया थाना क्षेत्र के उमरिया निवासी संपत प्रसाद दुबे का उनके पट्टीदार अशोक दुबे से करीब डेढ़ बीघा खेत को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट तक भी पहुंच चुका है। आरोपी अशोक दुबे सेना में जवान है। करीब 15 दिन पहले छुट्टी पर घर आया है। आरोप है कि इसके बाद कब्जेदारी को लेकर विवाद फिर से गरमा गया था। 


मृतक राजमोहन के भाई बह्मानंद दुबे का आरोप है कि गुरुवार की शाम अशोक दुबे करीब कुछ लोगों को साथ लेकर खेत जुतवाने पहुंच गए। इसकी जानकारी होने पर उनके पिता संपत प्रसाद ने विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी।


यह देख छोटा भाई राजमोहन बीच-बचाव करने पहुंचा तो उस पर लाइसेंसी रायफल से गोली चला दी। घायल होकर राजमोहन जमीन पर गिर पड़ा और सभी हमलावर भाग निकले। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।


पुलिस ने बताया की पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।