किरण बेदी ने किया 47वीं ऑल इंडिया पुलिस साइंस कांग्रेस का शुभारम्भ ,दिनभर कई सत्रों में होगी कई विषयों पर चर्चा


लखनऊ. 


पूर्व आईपीएस और पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने गुरुवार को यहां 47वीं ऑल इंडिया पुलिस साइंस कांग्रेस का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में देशभर के पुलिस अधिकारी, समाजशास्त्री और विशेषज्ञ जुटे हुए हैं, जो पुलिस को मिल रहे संसाधनों और बेहतर तकनीक के बारे में दो दिनों तक चर्चा करेंगे।


कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश सिंह, अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी भी मौजूद थे। दो दिनों तक चलने वानले इस कार्यक्रम में पहले दिन 28 नवंबर को पुलिस की चुनौतियों, फोरेंसिक साइंस और महिला व बच्चों की सुरक्षा के विषयों पर देशभर से आए पुलिस अधिकारी और विशेषज्ञ मंथन करेंगे। कार्यक्रम के दूसरे दिन सोशल मीडिया की भूमिका, पुलिस अधिकारियों के व्यवहार, प्रशिक्षण और सीटीएनएस विषयों पर विमर्श होगा। 


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले 29वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस का आयोजन नवंबर 1997 में लखनऊ में हुआ था। इस बार छह विषयों को चुना गया है। पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों, फोरेंसिक विशेषज्ञों व अन्य बुद्धजीवियों ने 50 से अधिक शोधपत्र भेजे हैं। बीपीआर एंड डी की विशेष समिति ने 18 शोधपत्रों को पुलिस साइंस कांग्रेस में प्रस्तुत किए जाने के लिए चुना है।