नई दिल्ली
नागरिकता कानून (कैब) के विरोध में मंगलवार को सीलमपुर इलाके में हो रहा प्रदर्शन हिंसक हो उठा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। हालात को देखते हुए 5 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। इससे पहले पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और सोमवार को जामिया इलाके में हुए हिंसक प्रदर्शन पर जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सभी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। पुलिस ने कहा कि किसी भी छात्र को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें संयुक्त पुलिस कमिश्नर जामिया के छात्रों से पथराव न करने की अपील कर रहे हैं। वीडियो 15 दिसंबर का है।
असम में कर्फ्यू में छूट, कई जगहों पर प्रदर्शन हुए
असम में प्रशासन ने उपद्रव रोकने के लिए कर्फ्यू लगाया है। इस दौरान कई जिलों में बड़ी तादाद में नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन हुए। हालांकि, डिब्रूगढ़ समेत कई जिलों में कर्फ्यू में ढील दी गई है। ऑल असम स्टूडेंट यूनियन (आसू) ने सत्याग्रह किया। इसमें छात्रों के अलावा नागरिक भी शामिल हुए। संगठन ने कहा, "सरकार यह सोचती है कि 2-3 दिन में प्रदर्शन और आंदोलन खत्म हो जाएंगे। यह गलत है। जब तक नागरिकता कानून वापस नहीं लिया जाता, हम नहीं रुकेंगे।"
केरल: 30 इस्लामिक-राजनीतिक दलों ने बंद बुलाया
केरल के तिरुवनंतपुरम में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मंगलवार को 30 इस्लामिक-राजनीतिक दलों ने सुबह से शाम तक हड़ताल बुलाई है। इस दौरान सरकारी बसों पर पथराव की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा पलक्कड़, वायनाड, कोझिकोड और कोच्चि में भी बसों पर पथराव हुआ।