अयोध्या.
राम मंदिर निर्माण को लेकर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद से ही अयोध्या में सार्वजनिक और धार्मिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों की माने तो छह दिसम्बर तक अयोध्या सुरक्षा कवच में जकड़ी रहेगी और सभी प्रमुख मंदिरों और राम जन्मभूमि के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इन जगहों के आसपास लगे 45 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी हो रही है।
अयोध्या के जिलाधिकारी अनुज झा ने बताया, ''राम जन्मभूमि के आसपास घोषित रेड जोन और जिले के अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। अयोध्या विवाद पर आने वाले फैसले से पहले ही सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई थी। यही सुरक्षा बाबरी विवादित ढांचे को गिराए जाने की बरसी (छह दिसम्बर) तक जारी रहेगी। ''
छह दिसम्बर तक शांति बनाए रखना असली चुनौती
अनुज झा ने कहा कि हमारी अगली चुनौती छह दिसम्बर तक पूरी अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखना है। हमें पूरा विश्वास है कि अयोध्या की जनता बहुत ही शांतिप्रिय है और वह आगे भी इसी तरह सौहार्द का माहौल बनाए रखेगी।
अयोध्या को चार जोन में बांटा गया है
दरअसल अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के समय ही इसको चार जोन में बांटा गया था। 2.77 एकड़ विवादित क्षेत्र को रेड जोन में रखा गया था। शहर को एलो जोन, पूरे जिले को ग्रीन जोन और जिले के आसपास के इलाकों को ब्लू जोन में रखा गया था।
श्रीराम जन्मभमि के आसपास सुरक्षा बेहद कड़ी
जिलाधिकारी अनुज झा ने कहा कि विवादित क्षेत्र के पास बने रेड जोन में आने वाली जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। फैसला आने के समय ही विवादित क्षेत्र की तरफ आने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाए गए थे, यही सुरक्षा अगले छह दिसम्बर तक बनी रहेगी।
प्रमुख जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अयोध्या विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के लगभग एक सप्ताह बाद भी शहर में प्रमुख जगहों हनुमानगढ़ी, राम की पैड़ी और कनक भवन के आसपास सुरक्षा कड़ी की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि आठ नवम्बर को रामजन्मभूमि के आसपास धारा 144 लगाई गई थी जो आठ दिसम्बर तक जारी रहेगी।
45 सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
जिलाधिकारी अनुज झा ने कहा कि अयोध्या पर आए फैसले के बाद प्रशासन को जिस तरह की अपेक्षा थी ठीक वैसा ही हुआ है। अयोध्या की जनता बहुत ही परिपक्व तरीके से व्यवहार कर रही है। डीएम ने कहा कि हाल ही में अयोध्या में हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल और राम की पैड़ी के आसपास 45 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके लिए एक कमांड सेंटर बनाया गया है जहां से अयोध्या के एसएसपी खुद ही इसकी निगरानी करते हैं।